Uttarakhand

अमित शाह आज देहरादून में, 40 हजार की भीड़ जुटाने का भाजपा का दावा; उत्तराखंड पुलिस को सौंपेंगे राष्ट्रपति कलर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शाह राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव में शामिल होंगे और परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह पुलिस लाइन रेसकोर्स में आयोजित समारोह में उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री सुबह करीब 11:50 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका यहां लगभग दो घंटे रुकने का कार्यक्रम है। इसके बाद दोपहर करीब 1:50 बजे वह पुलिस लाइन रेसकोर्स पहुंचेंगे, जहां राष्ट्रपति पुलिस कलर अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान प्रदान करेंगे। इसे प्रदेश पुलिस के इतिहास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

शाह के दौरे में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित थी, लेकिन किन्हीं कारणों से इसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

40 हजार लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद

गृह मंत्री की जनसभा को लेकर भाजपा ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। पार्टी का दावा है कि परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में करीब 35 से 40 हजार लोग शामिल हो सकते हैं। भाजपा नेताओं के मुताबिक, अमित शाह को सुनने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता में भी खासा उत्साह है।

पार्टी मुख्यालय में दौरे की तैयारियों की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि उत्तराखंड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के विशेष लगाव वाला प्रदेश है। दोनों नेता लगातार राज्य के विकास और स्थानीय लोगों के कल्याण के लिए सहयोग और मार्गदर्शन देते रहे हैं।

उन्होंने हरिद्वार में गृह मंत्री के पिछले कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक लाख से अधिक लोग पहुंचे थे। इसी तरह देहरादून की जनसभा में भी 35 से 40 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

वहीं, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि प्रदेश की जनता गृह मंत्री के विचारों और मार्गदर्शन को सुनने के लिए उत्साहित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमित शाह का यह दौरा उत्तराखंड के विकास और सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार का सहयोग उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *