Uttarakhand

उत्तराखंड में 1529 पदों पर जल्द होगी भर्ती, पुलिस और जेल विभाग में युवाओं को मिलेगा मौका

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में पुलिस और कारागार विभाग में कुल 1529 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। पुलिस मुख्यालय ने 1385 पदों पर भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को प्रस्ताव भेज दिया है। वहीं, कारागार विभाग ने भी 144 बंदीरक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा है।

पुलिस विभाग में होने वाली भर्ती के तहत कांस्टेबल और सब इंस्पेक्टर (दरोगा) के पद भरे जाएंगे। इनमें सिविल पुलिस, इंटेलीजेंस, पीएसी, आईआरबी और अग्निशमन सेवाओं के पद शामिल हैं। पुलिस के कुल प्रस्तावित पदों में 1187 कांस्टेबल और 198 दरोगा स्तर के पद हैं।

गौरतलब है कि 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति परेड के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश पुलिस में करीब 1500 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के बाद पुलिस मुख्यालय ने भर्ती संबंधी प्रस्ताव आयोग को भेजा है।

पुलिस विभाग में इन पदों पर होगी भर्ती

पद रिक्तियां
जनपदीय पुलिस कांस्टेबल (पुरुष) 464
जनपदीय पुलिस कांस्टेबल (महिला) 238
पीएसी/आईआरबी कांस्टेबल (पुरुष) 284
फायरमैन (महिला एवं पुरुष) 201
दरोगा – सिविल पुलिस 93
दरोगा – इंटेलीजेंस 19
दरोगा – पीएसी/आईआरबी 81
अग्निशमन द्वितीय अधिकारी 05

जेल विभाग में 144 बंदीरक्षकों की भी होगी भर्ती

पुलिस विभाग के साथ ही कारागार विभाग में भी भर्ती की तैयारी तेज हो गई है। विभाग ने 144 बंदीरक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए आयोग को प्रस्ताव भेजा है। इनमें पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों के पद शामिल हैं।

विभाग के अनुसार पुरुष बंदीरक्षकों के 715 पद स्वीकृत हैं, जिनमें 117 पद खाली हैं। वहीं, महिला बंदीरक्षकों के 55 स्वीकृत पदों में से 30 पद रिक्त हैं। महिला बंदीरक्षकों के 27 पदों पर सीधी भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया है, जबकि तीन पद नियमानुसार अलग रखे गए हैं।

शैक्षिक योग्यता और आयु सीमा

बंदीरक्षक पदों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। इसके लिए आयु सीमा 21 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।

फिलहाल आयोग को भर्ती के प्रस्ताव भेजे गए हैं। भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन, आवेदन की तारीख, परीक्षा कार्यक्रम और अन्य पात्रता संबंधी जानकारी आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के बाद स्पष्ट होगी। युवाओं को सलाह है कि वे UKSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *