क्राइम

कैंट और रोडवेज पर सैलानियों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर 15 मोबाइल संग गिरफ्तार

वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड इलाके में आने वाले पर्यटकों व सैलानियों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय चोर को सिगरा पुलिस ने बुधवार को मालगोदाम रोड से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलरामपुर जिले के हरैया निवासी मोहम्मद शमशाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 15 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी जा रही है।

सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तीन दिन पहले प्रयागराज निवासी सागर मिश्रा का मोबाइल फोन कैंट स्टेशन के सामने फ्लाईओवर के नीचे से चोरी हो गया था। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लगातार जांच-पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति मालगोदाम रोड पर घूम रहा है। सूचना मिलते ही रोडवेज पुलिस चौकी प्रभारी विकास सिंह, उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार बंधु और उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद की टीम ने घेराबंदी कर शमशाद को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भीड़भाड़ वाले इलाकों में सैलानियों के कीमती फोन उड़ाता था और बाद में अपनी मजबूरी का हवाला देकर अनजान राहगीरों को सस्ते दामों में बेच देता था। पुलिस ने बरामद 15 मोबाइल फोन में से 13 बेहद कीमती स्मार्टफोन बताए हैं। आवश्यक कानूनी और पुलिसिया कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी मोहम्मद शमशाद को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *