Uttarakhand

हल्द्वानी में खौफनाक वारदात: बीमार भाई की बेरहमी से हत्या, आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

बरेली रोड क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां आर्थिक तंगी और नशे के साये में एक सगे भाई ने दूसरे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। मेडिकल पुलिस चौकी से महज 150 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।

राम मंदिर बगीचा निवासी 44 वर्षीय सोनू जायसवाल लंबे समय से लीवर सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। परिजनों के अनुसार, उसका बड़ा भाई संदीप जायसवाल शराब के नशे में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर सोनू से झगड़ने लगा। देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया।

आरोपी ने पास में रखा स्टील का लोटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए और उसे बार-बार तख्त पर पटकता रहा। जब घर के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए आगे आए तो संदीप ने देसी रिवॉल्वर दिखाकर सभी को जान से मारने की धमकी दी और कमरे में बंद कर दिया।

काफी देर तक पिटाई के बाद सोनू बेहोश हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पानी पिलाकर उसे होश में लाने की कोशिश की, लेकिन हालात बिगड़ते देख मौके से फरार हो गया। घटना के समय घर में मृतक की मां, भाभी, दो भतीजे और दो भतीजियां मौजूद थीं।

बड़े भतीजे अंकित जायसवाल ने दोस्त को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई। सोनू को 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अंकित की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। बुधवार तड़के पुलिस ने आरोपी संदीप को गांधी स्कूल गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 32 बोर की देशी रिवॉल्वर और दो कारतूस बरामद हुए हैं। हत्या में इस्तेमाल स्टील का लोटा भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास पहले से गंभीर रहा है। वह पूर्व में भी हत्या, जानलेवा हमला और धोखाधड़ी जैसे मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2014 में उसने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या की थी। बाद में मां के साथ मारपीट के मामले में भी उस पर केस दर्ज हुआ था। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *