Uttarakhand

केदारनाथ यात्रा रोकी गयी… उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, कई जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से 31 जुलाई को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव, अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) और भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, स्थानीय प्रशासन को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन को यह भी कहा गया है कि यदि किसी स्थान पर सड़कें या मार्ग अवरुद्ध होते हैं तो उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल खुलवाया जाए। साथ ही पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), ग्रामीण निर्माण विभाग, बीआरओ और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।

इधर, रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर शुक्रवार को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह आदेश जारी किया है।

खराब मौसम के मद्देनज़र राज्य सरकार ने पर्यटकों के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जाने पर भी अस्थायी रोक लगा दी है। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें।

आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी अधिकारियों को आईआरएस (Incident Response System) के तहत हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही भूस्खलन संभावित मार्गों पर जेसीबी और अन्य आवश्यक मशीनरी पहले से तैनात रखने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *