Uttarakhand

हल्द्वानी में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन टैंक बना मौत का कुआं, मां समेत दो बेटों की मौत

हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र के मानपुर गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के पास बने निर्माणाधीन भूमिगत पानी के टैंक में जहरीली गैस भर जाने से एक मां और उसके दो बेटों की दम घुटने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, मानपुर निवासी धर्मेंद्र बिष्ट (46) अपने घर के पास बनाए जा रहे पानी के भूमिगत टैंक की शटरिंग हटाने के दौरान सीढ़ी के सहारे टैंक में उतरे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनके छोटे भाई खुशाल सिंह (40) उन्हें देखने के लिए टैंक में गए, लेकिन वह भी अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए।

जब दोनों भाइयों की ओर से कोई आवाज नहीं आई तो उनकी 65 वर्षीय मां सरस्वती देवी चिंता में टैंक के अंदर उतर गईं। दुर्भाग्यवश वह भी गैस की चपेट में आकर अचेत हो गईं।

तीनों के अंदर फंसे होने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्हें बचाने के प्रयास में सब्जी विक्रेता भोज राम भी टैंक में उतरे, लेकिन वह भी गैस के असर से बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत चारों को बाहर निकाला। भोज राम को समय रहते होश आ गया, लेकिन मां और दोनों बेटों की हालत गंभीर बनी रही।

तीनों को तत्काल हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण टैंक के भीतर बनी जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी माना जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *