Uttarakhand

इसी साल विधानसभा चुनाव की चर्चा पर CM पुष्कर धामी का आया जवाब, जानिए क्या कहा

उत्तराखंड में इस वर्ष विधानसभा चुनाव कराए जाने की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य सरकार को समय से पहले चुनाव कराने संबंधी कोई संकेत या आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि चुनाव की तारीख तय करना पूरी तरह चुनाव आयोग का अधिकार है और फिलहाल ऐसी कोई तैयारी नहीं चल रही है।

गुरुवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में आयोजित आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल की समीक्षा के दौरान मीडिया ने मुख्यमंत्री से समय से पहले चुनाव की अटकलों पर सवाल किया। इस पर धामी ने कहा कि सरकार के स्तर पर ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि विधानसभा चुनाव निर्धारित समय से पहले कराए जाएंगे।

हाल ही में कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि वर्ष 2027 की शुरुआत में प्रस्तावित हरिद्वार कुंभ और जनगणना कार्यक्रमों को देखते हुए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नवंबर या दिसंबर 2026 में कराए जा सकते हैं। इसी कारण राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया था।

इन अटकलों को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के लगातार उत्तराखंड दौरे और पार्टी की चुनावी गतिविधियों ने भी हवा दी। वहीं, कांग्रेस ने भी आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि अभी तक चुनाव पूर्व कराने को लेकर न तो कोई औपचारिक सूचना मिली है और न ही सरकार के पास ऐसा कोई निर्देश है। उन्होंने कहा कि चुनाव कब होंगे, इसका निर्णय केवल चुनाव आयोग ही करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *