देहरादून में निहंगों के कूच के बाद हाई अलर्ट: पुलिस की चौकसी तेज, रातभर अफसरों ने किया फ्लैग मार्च
निहंगों के एक जत्थे के कुल्हाल बैरियर पार कर देहरादून की ओर बढ़ने की सूचना मिलते ही बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। सूचना के बाद प्रेमनगर, सेलाकुई और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, जबकि अधिकारियों और पुलिस बल की भारी तैनाती से लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी प्रेमनगर पहुंचे। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई। पुलिस टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में रवाना किया गया और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर संभावित गतिविधियों पर नजर रखी गई।
करीब दो घंटे तक प्रेमनगर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। इस दौरान प्रेमनगर चौक, मुख्य बाजार और आसपास के इलाकों में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग भी एकत्र हो गए। पुलिस की लगातार गतिविधियों, अधिकारियों की बैठकों और सुरक्षा इंतजामों को देखकर लोगों में किसी बड़ी घटना की आशंका बढ़ गई। सोशल मीडिया पर चल रही सूचनाओं के कारण भी अफवाहों का दौर जारी रहा और लोग एक-दूसरे से घटनाक्रम की जानकारी लेते रहे।
हालांकि बाद में पुलिस को स्पष्ट जानकारी मिलने पर स्थिति सामान्य हो गई। जांच के दौरान न तो निहंगों के देहरादून में प्रवेश की पुष्टि हुई और न ही किसी अप्रिय घटना की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस बल ने क्षेत्र में गश्त जारी रखी और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए थे। स्थिति सामान्य होने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल को वापस बुला लिया गया, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे शहर में पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
