Uttarakhand

उत्तराखंड पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हेली टिकट ठगी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने हेली टिकट बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गैंग ने गुजरात के सूरत निवासी एक व्यक्ति को लगभग दो लाख रुपये की चपत लगाई थी।

शिकायत और ठगी की कहानी
सूरत निवासी सूर्यप्रकाश मिश्रा ने 7 जुलाई को थाना गुप्तकाशी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर एक हेली कंपनी की साइट देखकर उन्होंने संपर्क किया। व्हाट्सएप पर बातचीत के दौरान 32 लोगों के टिकट बुक करने की डील फाइनल हुई। आरोपियों ने उन्हें बैंक अकाउंट नंबर दिया और 1,91,812 रुपये ऑनलाइन जमा करा लिए। लेकिन भुगतान के बाद न तो टिकट मिले और न ही आरोपी कॉल रिसीव करने लगे।

जांच और गिरफ्तारी
एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे के अनुसार, दो महीने की जांच के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। आरोपियों के पास से 18 बैंक खाते और कई मोबाइल बरामद हुए। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को ओडिशा के मयूरगंज से और मास्टरमाइंड को बिहार के नवादा से गिरफ्तार किया।

आरोपी और मास्टरमाइंड
गिरफ्तार युवकों में आकर्षण गुप्ता (18, बिहार), अनंत कुमार सिंह (25), सौभाग्य शेखर महतो (26) और दौलागोबिंदा बाघा (ओडिशा निवासी) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इस ठगी का मास्टरमाइंड आकर्षण गुप्ता था। उसने ही व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए पीड़ित से बातचीत की थी।

ठगी का बंटवारा
आरोपियों ने रकम निकालने के बाद आपस में बांटी। अनंत को 10 हजार, सौभाग्य और दौलागोबिंदा को 15-15 हजार दिए गए, जबकि बाकी राशि आकर्षण ने खुद रख ली। फिलहाल पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *